लखनऊ। भारतीय सेना का आज 74वां स्थापना दिवस है। हर साल 15 जनवरी के दिन को इंडियन आर्मी सेना दिवस के रूप में मनाती है। दरअसल, साल 1949 में आज ही के दिन ब्रिटिश जनरल फ्रांसिस बुचर से फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने भारतीय सेना की पूरी कमान ली थी।
भारत में फ्रांसिस अंतिम ब्रिटिश जनरल थे। इसके बाद भारतीय सेना की कमान फील्ड मार्शल केएम करियप्पा को सौंप दी गई और करियप्पा भारतीय सेना के पहले कमांडर इन चीफ बने। केएम करियप्पा के भारतीय थल सेना के शीर्ष कमांडर का पद संभालने के ही उपलक्ष्य में हर साल 15 जनवरी के दिन भारतीय सेना दिवस मनाया जाता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेना दिवस के मौके पर देश के वीर जवानों को बधाई एंव शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने ट्वीट किया, अदम्य साहस, अक्षय कर्तव्यनिष्ठा और अतुल्य समर्पण के साथ सम-विषम परिस्थितियों में माँ भारती की रक्षा के लिए प्रतिपल सन्नद्ध सभी सैनिकों व अधिकारियों के साथ उनके परिजनों को सेना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। हम सभी को आप पर गर्व है। जय हिंद!