नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। ताजा आंकड़ो के मुताबिक बीते 24 घंटों में भारत में कोरोना वायरस के 38,948 नए केस दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 219 लोगों की इस खतरनाक वायरस की वजह से मौत हो गई।
दूसरी लहर में अब देश के कई राज्यों में कोरोना का संक्रमण कम होने लगा तो वहीं कई ऐसे राज्य हैं ज्याद बड़ी संख्या में नए मरीज सामने आ रहे हैं। इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित केरल राज्य है। यहां कल 26,701 मामले सामने आए और 74 लोगों की जान चली गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ो के मुताबिक अब देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 3,30,27,621 हो गए हैं। वहीं, 3,21,81,995 लोग इस खतरनाक वायरस को मात दे चुके हैं।
आंकड़ो के मुताबिक देश में अब तक 4,40,752 इस जानलेवा वायरस की वजह से जान गंवा चुके हैं। लगातार बढ़ते घटते मामलों की वजह से देश में अब देश में अब कुल एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 4,04,874 हो गई है।
इतने लोगों को लग चुकी है वैक्सीन
देश में कोरोना के गिरते ग्रॉफ के बीच वैक्सीनेशन का काम तेजी से जारी है। देश में अब तक कुल 68,75,41,762 वैक्सीन की डोज लोगों को दी जा चुकी है। वैक्सीनेशन के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। यहां अब तक 7 करोड़ से अधिक लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
वहीं आज यानी सोमवार को राज्य में 30 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सूबे में एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। राजधानी लखनऊ में आज एक लाख वैक्सीनेशन का लक्ष्य है जबकि इससे पहले 27 अगस्त को प्रदेश में 31 लाख 39 हजार लोगों को टीका लगाया गया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 68 करोड़ से ज़्यादा डोज़ उपलब्ध कराई गई है।