नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने मंत्रिपरिषद में बड़ा फेरबदल करते हुए आतिशी को वित्त और राजस्व विभाग की जिम्मेदारी दी है। पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद कैलाश गहलोत को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन अब वित्त और राजस्व विभाग की जिम्मेदारी भी आतिशी को दे दी गई है। कैबिनेट में फेरबदल से जुड़ी फाइल एलजी विनय सक्सेना को भेजी गई थी, जिसे उन्होंने मंजूर कर लिया है।
बीती दो जनवरी को आतिशी को जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी मिली थी। वर्तमान में इस विभाग के अलावा बिजली, शिक्षा, महिला और PWD विभाग की जिम्मेदारी भी मिली हुई है। मिली हुई है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया था कि उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीएम अरविंद केजरीवाल से विचार विमर्श के बाद कैबिनेट मंत्री आतिशी को जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी दी थी। इस संबंध में जनरल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग की ओर से एक नोटिफिकेशन जारी किया गया था।
कौन हैं आतिशी
आम आदमी पार्टी में आतिशी ने तेजी से अपनी पहचान बनाई है। आम आदमी पार्टी अपने आठ साल के कार्यकाल में जिन उपलब्धियों को सबसे ज्यादा बार गिनाती रही है उनमें शिक्षा का क्षेत्र सबसे ऊपर है और इसका बहुत बड़ा श्रेय आतिशी को जाता है। 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी का मेनिफेस्टो तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। 2014 लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें प्रवक्ता बनाया गया था। साल 2019 में उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2020 में उन्होंने कालकाजी विधानसभा से चुनाव जीता।