नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच अनबन कोई नई बात नहीं है। इसी क्रम में सीएम पर हमलावर LG ने कहा कि हताशा में सीएम केजरीवाल ने झूठे आरोपों का सहारा लेते हुए मुझ पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। LG ने कहा आने वाले कुछ दिनों में वो मुझ पर और मेरे परिवार पर अगर कुछ और आधारहीन आरोप लगाते हैं तो मुझे इस पर हैरानी नहीं होगी लेकिन उन्हें बताना चाहता हूं कि मैं अपने संवैधानिक कर्तव्यों से विचलित नहीं होऊंगा।
आप नेताओं ने लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप
बता दें कि खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के तत्कालीन अध्यक्ष (वर्तमान एलजी) विनय कुमार सक्सेना के कार्यकाल को लेकर आप नेताओं दुर्गेश पाठक, आतिशी मारिलेना, सौरभ भारद्वाज और जस्मिन शाह ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों को झूठा और मानहानि के योग्य मानते हुए उपराज्यपाल ने कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया है।
सूत्र बताते हैं कि उपराज्यपाल आप नेताओं पर कानूनी कार्रवाई करेंगे। इसके खिलाफ खुले तौर पर झूठ बोलने और मानहानि का मामला बनता है। इस मामले में कार्रवाई का फैसला इसलिए लिया गया है कि आप नेता अपनी फितरत से बाज आएं। इससे पहले आप नेताओं ने दावा किया था कि 2016 में नोटबंदी के दौरान एक घोटाले में एलजी शामिल हैं। इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।