नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 फीसदी वयस्क आबादी को कोरोना वैक्सीन की दोनो डोज लगने पर देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “75% वयस्क आबादी फुली वैक्सीनेटेड हो चुकी है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के सभी देशवासियों को बधाई। हमें उन सभी पर गर्व है जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं।”
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडाविया ने रविवार को ट्वीट कर लोगों की जानकारी दी कि देश के 75 फीसदी लोगों को कोरोना वैक्सीन की डबल डोज लग चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीट किया, “सबका साथ, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ, भारत ने अपनी 75% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है। कोरोना से लड़ाई में हम निरंतर मज़बूत हो रहें है। हमें सभी नियमों का पालन करते रहना है और जल्द से जल्द वैक्सीन लगवानी है।”
देश में बीते 24 घंटे में मिले 2.34 लाख केस
देश में बीते 24 घंटे में 2 लाख 34 हजार कोरोना के नए केस दर्ज किए गए हैं। इसी के साथ भारत में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4 करोड़ 10 लाख 92 हजार 522 हो गया है। हालांकि शनिवार की तुलना में कोरोना के मामलों में 0.5 की गिरावट देखने को मिली है। वहीं बीते दिन 893 लोगों की इस वायरस की वजह से मौत हो गई।
देश में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 4,94,091 हो गई है। देश में पांच राज्यों से सबसे ज्यादा कोरोना के केस सामने आ रहे हैं। इनमें सबसे ऊपर केरल राज्य है। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 50,812 केस सामने आए हैं। इसके अलावा कर्नाटक में 33,337, महाराष्ट्र में 27,971, तामिलनाडु में 24,418, गुजरात में 11,794 कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं।
बता दें कि कोरोना के 63 फीसदी से ज्यादा के नए मामले इन्हीं पांच राज्यों से आ रहे हैं। इनमें अकेले केरल राज्य से 21.69 प्रतिशत कोरोना के नए केस आ रहे हैं। हालांकि राहत वाली बात यह है कि कि बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के एक्टिव केसों में 1,19,396 की कमी दर्ज की गई है। इसी के साथ देश में अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या 18,84,937 हो गई है।