गुवाहाटी/सूरत/मुंबई। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे अन्य बागी विधायक साथियों के साथ सूरत के ली मेरिडियन होटल से गुवाहाटी (असम) पहुंच चुके हैं। गुवाहाटी हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के विधायकों के आगमन से पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आज सुबह गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल का दौरा किया।
इसी होटल में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के सभी बागी विधायक ठहरे हुए हैं। बीजेपी विधायक उनका स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट भी पहुंचे थे। यह पहली बार है कि किसी पश्चिमी राज्य के विधायकों को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह के बाद पूर्वोत्तर राज्य में ले जाया जा रहा है।
दूसरी ओर महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच शिवसेना नेता व राज्यसभा सांसद संजय राउत ने माना है कि चिंता बड़ी है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता चली जाएगी, लेकिन सत्ता तो आ भी जाती है।
हालांकि उन्होंने एकनाथ शिंदे के प्रति नरमी भी दिखाई। कहा कि एकनाथ शिंदे सालों से हमारे साथ हैं और कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। उनके लिए पार्टी छोड़ना कठिन होगा। हमारे लिए भी उन्हें अलग करना आसान नहीं है। हमारी एक घंटे तक आज बातचीत हुई है। सभी विधायक शिवसेना में हैं और यहीं रहेंगे।
गुजरात के सूरत से असम के गुवाहाटी पहुंचने के बाद शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा, “शिवसेना के कुल 40 विधायक यहां मौजूद हैं। हम बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व को आगे बढ़ाएंगे।”
वहीं, असम में भाजपा विधायक सुशांत बोरगोहेन ने कहा, ”मैं उन्हें (गुजरात के सूरत से शिवसेना विधायक) लेने आया था। कितने विधायक आए हैं, यह मैंने नहीं गिना। मैं यहां निजी संबंधों के लिए आया हूं। उन्होंने किसी कार्यक्रम का खुलासा नहीं किया है।”