नई दिल्ली। 2 अक्टूबर यानी आज के दिन पूरे देश में गांधी जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर ट्विटर पर एक हैरान करने वाला हैशटैग ट्रेंड कर रहा है। गांधी जयंती पर जहां एक तरफ लोग बापू को नमन कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर ‘नाथूराम गोडसे ज़िंदाबाद’ काफी तेज़ी से ट्रेंड कर रहा है। इस मुद्दे के चलते बीजेपी नेता वरुण गांधी ने अपनी नाराज़गी जताई है।
उन्होंने कहा कि ऐसे ही लोग देश को शर्मसार करते हैं। बीजेपी सांसद महात्मा गांधी की 152वीं जयंती पर उन्हें वरुण गांधी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। बता दें कि नाथूराम गोडसे ने 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वरुण गांधी ने ट्वीट कर अपना गुस्सा व्यक्त किया।
उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘भारत हमेशा एक आध्यात्मिक महाशक्ति रहा है, लेकिन यह महात्मा हैं जिन्होंने हमारे देश के आध्यात्मिक आधार को अपने अस्तित्व के माध्यम से व्यक्त किया और हमें एक नैतिक अधिकार दिया, जो आज भी हमारी सबसे बड़ी ताकत है। गोडसे जिंदाबाद ट्वीट करने वाले देश को गैर-जिम्मेदाराना शर्मसार कर रहे हैं।’
वरुण के इस ट्वीट पर 7 लाख से ज़्यादा लाइक्स हैं और कई रीट्वीट भी किए जा चुके हैं। साथ ही नाथूराम ज़िंदाबाद के हैशटैग पर भी कई लोग ट्वीट कर रहे हैं। गांधी जयंती के मौके पर पीएम मोदी, सोनिआ गांधी जैसे सभी दिग्गज नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।