नई दिल्ली। देश में महिलाओं के साथ हैवानियत के मामले लगभग रोज़ दर्ज किए जाते हैं। महिलाओं कि सुरक्षा को लेकर बड़ी-बड़ी बातें तो खूब होती हैं, लेकिन कोई खास इन्तज़ामात होते नज़र नहीं आते। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला हरियाणा के हिसार से सामने आया है।
यहां एक गर्भवती महिला को एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला ने बहला-फुसलाकर 7 दिन तक कमरे में बंद रखा। पीड़िता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया कि वो गर्भवती हैं और इसी के चलते आंगनबाड़ी गई थी, वहीं महिला कार्यकर्त्ता उसे बातों में उलझाकर अपने घर ले गई। वहां वो पीड़िता को गर्भपात करने के लिए उकसा रही थी, वो उसकी एक सरकारी कर्मचारी से दूसरी शादी करवाने की बात कहती रही।
साथ ही पीड़ित महिला ने बताया कि वहां 3 व्यक्ति आए और उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला का आरोप है कि अपराधी उसे किसी को बेचने की फ़िराक में थे और उसे 7 दिन कमरे में कैद रखा। वो जान बचाकर किसी तरह अपने ससुराल पहुंची।
जब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करनी काही तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। देखना होगा कि देश में महिलाओं के साथ हो रहे अपराध कम होते हैं या यूँ ही आए-दिन दिल दहलाने वाली ख़बरें सामने आती रहती हैं।