नई दिल्ली। उप्र, बिहार, उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा-चंडीगढ़ में 31 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम भारत में आज से बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार कल उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में व्यापक बारिश होने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी अरब सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस वजह से मॉनसून ट्रफ जारी रहने की संभावना है।
अगले 2 दिनों के दौरान यह उत्तर की ओर धीरे-धीरे शिफ्ट होने के कारण आज से उत्तर भारत में वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होगी। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ कल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। पूर्व के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है।
31 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर में गरज और बिजली के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 31 जुलाई तक झमाझम बारिश होगी। 28 जुलाई को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 28 जुलाई के आसपास दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है।
पूर्वी उप्र में आकाशीय बिजली गिरने से सात की मौत
पूर्वांचल के चार जिलों में मंगलवार को कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। इस दैवी आपदा में 18 लोग झुलस गए। वज्रपात से झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चंदौली में मंगलवार को कई स्थानों पर बिजली गिरने से जनहानि हुई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महुअर कला गांव निवासी एक किशोर, केरायगांव में खेत में काम कर रहे एक मजदूर और परसिया गांव में एक बुजुर्ग की मौत हो गई।