टेलीविज़न जगत के मशहूर होस्ट और सिंगर उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। आदित्य और उनकी पत्नी श्वेता अग्रवाल के घर किलकारियां गूंजी हैं। श्वेता ने एक नन्ही सी परी को जन्म दिया है। श्वेता ने 24 फरवरी को मुंबई के एक नर्सिंग होम में बेटी को जन्म दिया।

होस्ट और सिंगर आदित्य ने बताया, ‘हम एक बेटी होने की दुआ कर रहे थे और उनकी दुआ कुबूल हो गई है।’ इस कपल की ख़ुशी का कोई भी ठिकाना नहीं है। एक मीडिया हाउस से बात करते हुए आदित्य ने बताया कि ‘हर कोई मुझे यही कह रहा था कि हमें बेटा होगा। लेकिन मैं मन ही मन दुआ कर रहा था कि हमारे घर बेटी आए। मुझे लगता है कि पिता अपनी बेटियों के बहुत करीब होते हैं, मुझे खुशी है कि हमारे घर एक नन्हीं परी आ गई है। श्वेता और मैं बहुत ज्यादा खुश हैं कि हम अब माता-पिता बन गए हैं।’

आदित्य ने आगे कहा, ‘जब उसका जन्म हुआ तो मैं श्वेता के साथ ही था, मुझे लगता है कि सिर्फ एक महिला ही इस स्तर की शक्ति और क्षमता रखती है जिसकी एक बच्चे को जन्म देने के लिए आवश्कता होती है। श्वेता के लिए मेरा प्यार और सम्मान अब और भी ज्यादा बढ़ गया है। एक महिला जब किसी बच्चे को जन्म देती है तो वह कई चीजों से होकर गुजरती है। यहां तक कि जब वह उस बच्चे को अपनी कोख में पाल रही होती है जब भी।’

बच्ची के म्यूजिक से जुड़ाव को लेकर सिंगर ने कहा, ‘बच्चे का संगीतपूर्ण सफर पहले ही शुरू हो चुका है। मैंने पहले ही उसके लिए गाने गाना शुरू कर दिया था। म्यूजिक तो उसके डीएनए में होगा। मेरी बहन ने उसे एक छोटोा सा म्यूजिक प्लेयर तोहफे में दिया है, जो कि लगातार आध्यात्मिक मंत्र और बच्चे के जन्म के लिए लोरियां सुनाता रहता है। उसका संगीत का सफर शुरू हो चुका है और क्योंकि ये उसके परिवार का खून है।’