नई दिल्ली। अक्सर अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा है कि अगर शुक्रवार को पत्थर चलेगा तो शनिवार को बुलडोजर भी चलेगा। साक्षी महाराज जुमे की नमाज के बाद देश के कई शहरों में हुई पत्थरबाजी की घटनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।
गौरतलब है कि नूपुर शर्मा के पैगंबर पर विवादित टिप्पणी के बाद पत्थरबाजी की घटनाएं हुई थीं। बाद में प्रशासन ने पत्थरबाजी में शामिल आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाए थे।
फांसी तो नहीं दी जा सकती
साक्षी महाराज ने नूपुर शर्मा के बयान और उसके बाद हुए एक्शन पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नूपुर शर्मा को उनके पद से हटा दिया गया है। अब उन्हें फांसी तो नहीं दी जा सकती। इस तरह के मामलों में इस्लाम के जानकारों को बहस करनी चाहिए।
साक्षी महाराज यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि अब अगर नूपुर शर्मा के शरीर का एक भी रोयां टूटा तो भारत में क्या होगा….इसलिए यह विवाद अब यहां पर खत्म होना चाहिए।
यहां फतवों से नहीं, संविधान से काम होगा
साक्षी महाराज ने कहा कि नूपुर शर्मा का सिर कलम करने की बात करने वालों को सोचना चाहिए कि प्रदेश में योगी जी और देश में मोदी जी हैं। यहां संविधान के मुताबिक काम होगा। फतवों से देश नहीं चलेगा।
उन्होंने कहा कि हमारे यहां योगी बाबा हैं। अगर यूपी में शुक्रवार को पत्थरबाजी हुई तो शनिवार को बुलडोजर जरूर चलेगा। साक्षी महाराज ने कहा कि कांग्रेस और बसपा अब खत्म होने वाली है। अगर किसी दल में हिम्मत है तो वह योगी जी के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप साबित करके दिखाए।