मंगलुरु। कर्नाटक में दक्षिण कन्नड़ जिले के बेल्लारे में बीजेपी की युवा शाखा के कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की हत्या के बाद अब एक अल्पसंख्यक समुदाय के युवक फाजिल की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलुरु के बाहरी इलाके सुरथकल में फाजिल की अज्ञात समूह ने हत्या कर दी है। युवक की हत्या चाकू गोदकर की गई है। मामला दक्षिण कन्नड़ का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कई जिलों में धारा 144 लागू
युवक की हत्या के बाद राज्य के कई जिलों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके चलते सीआरपीसी की धारा 144 सुरथकल, मुल्की, बाजपे, पनाम्बुर में लगाई गई है। मंगलुरु के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार के अनुसार 28 जुलाई की रात 8 बजे सूरतकल के कृष्णापुरा कटिपल्ला रोड पर 23 साल के युवक पर चार-पांच युवकों ने बेरहमी से हमला किया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूरतकल थाने में केस दर्ज किया गया है।
अंतिम यात्रा में लोगों का हुजूम
मंगलुरु के पास सुरथकल में अज्ञात समूह द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के युवक की हत्या के बाद इलाका में तनाव का माहौल है। आज उनकी अंतिम यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है।
मुस्लिमों से अनुरोध, अफवाहों से सावधान रहें
आज जुमे की नमाज को ध्यान में रखते हुए राज्य के कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मंगलुरु पुलिस ने मुस्लिम नेताओं से भी अनुरोध किया कि वे अपने घरों में ही नमाज अदा करें। कमिश्नर की सीमा के तहत सभी शराब की दुकानें 29 जुलाई को बंद रहेंगी। पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें। घटना के पीछे के मकसद की जांच और दोषियों की पहचान की जा रही है।