नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में आज आतंकियों द्वारा हिंदू समुदाय को निशाना बनाए जाने को लेकर AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार और एलजी मनोज सिन्हा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी की ओर से नियुक्त एलजी असफल रहे हैं। 370 इसलिए हटाया था कि इससे कश्मीरी पंडितों को फायदा होगा और अमन हो जाएगा। बरसों की मेहनत के बाद कश्मीरी पंडित लौटकर आए थे, लेकिन वे असुरक्षित रहे हैं।
उन्होंने कहा अब तो कश्मीरी पंडित घाटी को ही छोड़कर जाना चाह रहे हैं। यह मोदी सरकार की नाकामी की एक और मिसाल है। इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा और उनकी सरकार पर आती है। वे कश्मीरी पंडितों की जान की हिफाजत करने में नाकाम साबित हो रहे हैं। इसका जवाब देश के पीएम मोदी और अमित शाह को देना चाहिए। आपने बड़े-बड़े दावे किए थे, उनका क्या हुआ।
बता दें कि आज जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एक बार फिर हिंदू समुदाय को निशाना बनाकर हमला किया गया है। सेब के बागान में घुसकर आतंकवादियों ने सुनील कुमार भट्ट और उनके भाई पर गोलियां बरसा दीं। इस हमले में सुनील कुमार भट्ट की मौत हो गई, जबकि उनका भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
एलजी मनोज सिन्हा ने शोपियां में हुए हमले पर दु:ख जताते हुए आतंकियों को चुन-चुन कर मारने का ऐलान किया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता तनवीर सादिक ने कहा कि आतंकवादियों के चलते बहुसंख्यक समुदाय के लोग भी डरते हैं और कई बार वे लोगों की मदद नहीं कर पाते। कश्मीरी पंडित घाटी में सुरक्षित नहीं महसूस कर रहे हैं और यह चिंता की बात है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकियों ने सेब के बागान में घुसकर सुनील कुमार भट्ट और उनके भाई से नाम पूछा और यह पता लगने पर कि वह हिंदू हैं ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।