लखनऊ। मध्य प्रदेश के बैतूल से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में सरेआम भगवा रंग का गमछा ओढ़े एक शख्स बिना किसी खौफ के एक लड़की को घसीटता हुआ मोटरसाइकिल पर बैठा कर ले गया। लड़की चीखती है, लड़के से उसे जाने देने की गुहार लगाती है, पर लड़का बेरहमी से लड़की को पूरी ताक़त से खींचता रहा। सामने खड़ा लड़की का साथी भी उसे बचाने में बेबस रहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेज़ी से वायरल हो रहा है।
30 सेकंड के इस वीडियो के वायरल होते ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ गई। दरअसल वीडियो में नज़र आ रही लड़की ने घर से भाग कर अपने प्रेमी से शादी कर ली थी, जिसकी तस्वीर भी सामने आई है। उसको घसीटने वाला लड़का और कोई नहीं बल्कि उसका भाई है।
जानकारी के मुताबिक प्रेमी जोड़ा शादी के बाद शहर के एक होटल में ठहरा था। भाई को बहन के भागने की खबर मिलते ही उसे गुस्सा आ गया और वो अपने दोस्तों के साथ बहन को घर वापस ले जाने पहुंच गया। लड़की का पति भाई से मिन्नतें करता रहा, लड़की भी कहती रही की वो शादी कर चुकी है, पर भाई ने उनकी एक न सुनी। 10 मिनट की झड़प के बाद आखिरकार भाई अपनी बहन को जबरन बालों से सड़क पर घसीटते हुए घर ले गया। बता दें की ये वीडियो 21 सितम्बर का है। तमाशबीन बानी लोगों की भीड़ में से एक व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था।
वीडियो के वायरल होने से पुलिस सक्रीय हुई, लेकिन अभी तक पुलिस में दोनों पक्षों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराइ गई है। पुलिस ने चिंता जताई है की ये मामला ‘ऑनर किलिंग’ तक पहुंच सकता है, इसलिए फिलहाल पुलिस शिकायत आने के इंतज़ार में है। वीडियो में नज़र आ रहे लोगों की तलाश जारी है।