चंडीगढ़। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय (CU) में हुए एमएमएस कांड से अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी पल्ला झाड़ लिया है। पुलिस द्वारा कही गई बात को दोहराते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि गिरफ्तार की गई लड़की ने खुद का ही वीडियो बनाया था और उसे अपने बॉयफ्रेंड को भेजा था।
दूसरी ओर विश्वविद्यालय में लड़कियों का प्रदर्शन जारी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। दावा किया गया था कि जैसा वीडियो वायरल हुआ है उसी तरह से 60 लड़कियों का वीडियो बनाया गया है। खबरें ये भी थीं कि 8 लड़कियों ने खुदकुशी करने की कोशिश की। हालांकि पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन दावों को खारिज किया हैा।
विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर डॉ. आरएस बावा ने कहा है कि 60 लड़कियों के एमएमएस वाली बात पूरी तरह से निराधार और गलत है। विश्वविद्यालय ने प्राथमिक जांच में पाया कि आरोपी लड़की ने सिर्फ अपना वीडियो शूट किया था और अपने बॉयफ्रेंड को भेजा।
कई लड़कियों को अस्पताल ले जाया गया
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक छात्राओं का कहना है कि वीडियो की जानकारी मिलने के के बाद कई लड़कियां बुरी तरह घबरा गई थीं। कई लड़कियों की तबीयत खराब हो गई थी और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। वहीं मोहाली के एसएसपी विवेक सोनी ने कहा, विश्वविद्यालय के सहयोग के बाद इस बात की पुष्टि हुई है कि केवल एक वीडियो पाया गया है जो आरोपी ने खुद बनाया था।
शिमला पहुंची पुलिस
इस मामले की जांच करने पंजाब पुलिस शिमला पहुंच गई है। आरोपी छात्रा ने कबूल किया था कि उसने वीडियो अपने बॉयफ्रेंड को भेजा था जो शिमला में रहता है। स्टूडेंट्स का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
कई लड़कियों का कहना है कि इस घटना के बाद प्रशासन ने उन्हें लड़कों के लिए बने हॉस्टल में शिफ्ट कर दिया है। उनका आरोप है कि यहां वे और ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रही हैं।