जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
उन्होंने बताया है कि उनमें फिलहाल किसी भी तरह का लक्षण नहीं दिख रहा है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘कोविड टेस्ट करवाने पर आज मेरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मुझे किसी तरह के लक्षण नहीं हैं और मैं ठीक महसूस कर रहा हूं। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मैं आइसोलेशन में रहकर ही कार्य जारी रखूंगा।’
इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत बुधवार को कोरोना संक्रमित पाई गईं। मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि मेरी पत्नी सुनीता गहलोत कोरोना पॉजिटिव (लक्षण मुक्त) आ गई हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार पृथक वास में उनका उपचार प्रारम्भ हो गया है।’