नई दिल्ली। पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर राजस्थान सरकार ने भी दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इसके साथ ही सोमवार 23 जुलाई को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है।
राजस्थान सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कल्याण सिंह के प्रति सम्मान जाहिर करने के लिए 23 अगस्त को सभी सरकारी दफ्तार और संस्थान बंद रहेंगे और 22 व 23 अगस्त को राजकीय शोक रहेगा।
इससे पहले राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अनेक नेताओं ने गहरा शोक जताया है। राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के सम्मान में पीएसयू सहित राज्य सरकार के सभी दफ्तर बंद रहेंगे।
बता दें कि शनिवार शाम कल्याण सिंह का निधन हो गया था। वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्टेडियम में शाम 5 बजे अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। वहां से पार्थिव कल अतरौली ले जाया जाएगा, जहां नरोरा में गंगा किनारे उनका दाह संस्कार किया जाएगा।