नई दिल्ली। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से दिल्ली के भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को राहत मिली है। हाई कोर्ट ने बग्गा के खिलाफ पंजाब में दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया है।
इस केस में तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस दिल्ली पहुंची थी और उसका दिल्ली और हरियाणा पुलिस के साथ टकराव हुआ था। एफआईआर रद्द होने के बाद बग्गा ने फिर केजरीवाल को निशाना बनाया, कहा कि उनकी सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पहुंचे मंत्री समूह, राहत कार्यों को करें तेज: मुख्यमंत्री
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत ‘कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को लेकर हुई थी। दिल्ली के सीएम की ओर से विधानसभा में फिल्म पर दिए गए बयान का विरोध करते हुए बग्गा ने केजरीवाल पर टिप्पणी की थी।
इसके बाद पंजाब में बग्गा के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मार्च में पंजाब पुलिस बग्गा की गिरफ्तारी के लिए राजधानी दिल्ली पहुंची थी। पंजाब पुलिस बग्गा को लेकर निकल चुकी थी, लेकिन दिल्ली पुलिस के कहने पर हरियाणा पुलिस ने मोहाली में रास्ता रोक लिया। दिल्ली पुलिस बग्गा की हिरासत को अवैध बताते हुए उन्हें वापस ले आई थी और पंजाब पुलिस पर अपहरण का केस दर्ज किया था।
बग्गा पर भड़काऊ बयान, समुदायों के बीच नफरत फैलाने जैसे आरोप लगाकर मोहाली पुलिस ने केस दर्ज किया था। बग्गा ने इस एफआईआर के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। राहत मिलने के बाद बग्गा ने इसे सत्य की जीत बताया।
बग्गा ने कहा, ”सत्यमेव जयते। आज पंजाब हाई कोर्ट द्वारा केजरीवाल के मुंह पर जो तमाचा लगा है उसे वह भूलने वाले नहीं। पंजाब हाई कोर्ट में आज केजरीवाल की हार हुई है अब दिल्ली में उनकी हार होगी। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि दिल्ली में अपनी सरकार की उलटी गिनती शुरू कर दीजिए।”