कोरोना ने देश में एक बार फिर कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भारत में कोरोना के मामले 1 लाख से अधिक हो चुके हैं। ऐसे में अब फिल्म और टेलीविज़न जगत के कई सितारे कोरोना की चपेट में आ गए हैं। अब साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार महेश बाबू भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
एक्टर ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट के ज़रिये फैंस के साथ सांझा की। उन्होंने कहा कि उन्हें हल्के लक्षण दिखे हैं और उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। महेश बाबू ने ट्वीट कर लिखा, ‘मेरे सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों, सभी आवश्यक सावधानी बरतने के बावजूद हल्के लक्षणों के साथ मेरा कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है और मेडिकल नियमों का पालन कर रहा हूं।’

एक्टर ने आगे कहा, ‘मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अनुरोध है कि वे अपना परीक्षण कराएं। मैं उन सभी से आग्रह करता हूं जिन्होंने अपना वैक्सीनेशन नहीं कराया है तुरंत लगाएं क्योंकि इससे गंभीर लक्षणों और अस्पताल में भर्ती होने का खतरा कम हो जाता है। कृपया कोविड नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें। वापसी करने के लिए बेताब हूं।’