यूपी में विधानसभा चुनाव चरण दर चरण ज्यादा आक्रामक होता जा रहा है। तीसरे चरण से पहले शुक्रवार को अयोध्या में भाजपा और सपा के समर्थक आमने-सामने आ गए। पहले नारेबाजी शुरू हुई फिर देखते ही देखते भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के भिड़ते ही अफरातफरी मच गई।
दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई और लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। कई गाड़ियों में जबदस्त तोड़फोड़ भी की गई। आरोप है कि सपा के समर्थकों ने महराजगंज थाने में उत्पात भी मचाया। इस दौरान एक पत्रकार व भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। हालांकि इस बारे में कोई पुलिस अधिकारी बात नहीं कर रहा है।

बताया जाता है कि गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में सपा प्रत्याशी अभय सिंह और भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के पति खब्बू तिवारी के समर्थक आमने-सामने हुए। महाराजगंज के नेव कबीरपुर में घटना हुई। लाठी-डंडे पत्थर आदि से थाने पर हमला बोल दिया गया। थानाध्यक्ष की ओर से सूचना पर क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र प्रताप गौतम व एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर थाना महाराजगंज पहुंचे। पुलिस बल इस बीच कमज़ोर पड़ता नज़र आया। इस बीच सपाइयों का शिकार पत्रकार राम प्रकाश तिवारी हो गए।

सपाइयों ने पत्रकार को लाठी-डंडों से जमकर पीट पीटकर घायल कर दिया। पत्रकार को बचाने दौड़े भाजपा कार्यकर्ता संतोष यादव को भी सपाइयों ने पीट पीटकर घायल कर दिया है। देर रात एसएसपी शैलेश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पथराव कर सपा समर्थकों को भगा दिया।