शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार दोपहर दो बजे राज्यपाल Shiv Pratap Shukla के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। सत्र के पहले ही दिन केंद्र सरकार द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने के मुद्दे पर चर्चा होने के आसार हैं, जिससे सदन में तीखी नोकझोंक की संभावना जताई जा रही है।
सरकार की ओर से नियम 102 के तहत आरडीजी पर चर्चा का प्रस्ताव विधानसभा सचिवालय को भेजा गया है, जिसे पहले दिन की कार्यसूची में शामिल कर लिया गया है। सत्तापक्ष इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरने की रणनीति बना रहा है, जबकि भाजपा भी आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है। दोनों दलों ने सत्र शुरू होने से पहले अपने-अपने विधायक दलों की बैठकें बुलाई हैं।
संभावित टकराव को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष Kuldeep Singh Pathania ने दोपहर 12:15 बजे सर्वदलीय बैठक आहूत की है। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उप मुख्य सचेतक और भाजपा के मुख्य सचेतक शामिल होंगे। अध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि सत्र सुचारु रूप से संचालित होगा।
चौदहवीं विधानसभा का यह ग्यारहवां सत्र और वर्तमान सरकार का चौथा बजट सत्र है। इस बार बजट सत्र के प्रथम चरण में केवल तीन बैठकें—16, 17 और 18 फरवरी—निर्धारित की गई हैं। हालांकि आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।
पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद शोकोद्गार होगा। इसके उपरांत सरकार आरडीजी पर चर्चा शुरू कराने की तैयारी में है। वहीं, विपक्ष राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा की मांग कर सकता है, जिससे सदन में हंगामे की स्थिति बन सकती है।