नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। बालासाहेब ठाकरे की 94वीं जयंती पर शिवसैनिकों को ऑनलाइन संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के साथ 25 साल तक गठबंधन कर शिवसेना ने अपना समय बर्बाद किया। शिवसेना प्रमुख ने कहा कि हमने बीजेपी को छोड़ा है हिदुत्व नहीं। उन्होंने कहा कि हमने सत्ता के लिए कभी हिंदुत्व का इस्तेमाल नहीं किया। जैसा कि राजनीतिक लाभ के लिए बीजेपी करती है।
तो…हमारे पार्टी से होता पीएम
शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने उद्धव ठाकरे के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सत्ता हासिल करने के लिए हिंदुत्व का इस्तेमाल करती है। राउत ने कहा, “बाबरी के बाद हिंदुस्तान में हमारी एक लहर थी अगर हम उस समय उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर में चुनाव लड़ते तो देश में हमारा (शिवसेना पार्टी का) पीएम होता। लेकिन हमने बीजेपी के लिए सब कुछ छोड़ दिया।”
बीजेपी ने याद दिलाया पुराना बयान
उद्धव ठाकरे के बयान के बाद महाराष्ट्र का सियासी तापमान बढ़ गया है। उद्धव के बयान पर अब बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी नेता राम कदम ने कहा कि हिंदुत्व पर नसीहत देने की जगह उद्धव ठाकरे को बालासाहेब ठाकरे के विचारों पर मंथन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ने कहा था कि वह कभी भी कांग्रेस के साथ समझौता नहीं करेंगे। अगर कभी ऐसा हुआ तो वह शिवसेना को ताला लगाना पसंद करेंगे।
सहयोगी दल को खत्म कर देती है बीजेपी
शिवसेना प्रमुख के बयान का उनकी सहयोगी पार्टी एनसीपी ने भी समर्थन किया है। एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि यह सच है कि भाजपा जिस भी दल के साथ गठबंधन करती है धीरे-धीरे उसे समाप्त कर देती है। नवाब मलिक ने कहा कि अपने धर्म पर गर्व करना अच्छी बात है लेकिन दूसरे के धर्म को निशाना बनाना ठीक बात नहीं।