आगरा। इन दिनों देशभर में राणा सांगा को लेकर विवाद मचा हुआ है। जब से समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी सुमन ने राणा सांगा को लेकर विवादित बयान दिया है तभी से देशभर में उनका विरोध हो रहा है। उनका विरोध करणी सेना नाम का एक संगठन कर रहा है। करणी सेना ने इसको लेकर पिछले महीने विरोध किया था, जिसके बाद समाजवादी पार्टी के सारे कार्यकर्ता रामजी सुमन के समर्थन में उतर गए थे। अब करणी सेना ने एक और ऐलान किया है कि उनका संगठन 12 अप्रैल को आगरा में राणा सांगा की जयंती मनाएगा।
इसी को देखते हुए आगरा पुलिस ने भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है, जिसमे आगरा पुलिस ने 1000 डंडे नए मंगाए हैं। आगरा पुलिस ने करणी सेना और उनके समर्थकों को नोटिस भी भेजा है। जिसमें आगरा पुलिस ने आग्रह किया है कि वो लोग या उनके संगठन के लोग आगरा न आएं।
क्या बोले करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष
गढ़ी राम में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत, वीर प्रताप समेत समाज के लोगों ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया। करणी सेना की ओर से बताया गया कि 12 अप्रैल को दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम चलेगा। यह कोई राजनीतिक मंच नहीं होगा। मंच पर केवल राणा सांगा की प्रतिमा होगी। इसमें करणी योद्धाओं का सम्मान किया जाएगा। करणी सेना की तरफ से कार्यक्रम में देशभर से करीब 3 लाख लोगों के आने का दावा किया गया है। उनका कहना है कि पूरे देश में करणी सेना और अन्य संगठन जनसंपर्क में जुटे हैं। गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित कर पीले चावल दिए जा रहे हैं। सबको एक झंडा, एक डंडा लाने के लिए कहा गया है।