नई दिल्ली। दिल्ली में अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग के अधिकार को लेकर केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश के खिलाफ आज रविवार को रामलीला मैदान में आम आदमी पार्टी की महारैली हुई। महारैली के माध्यम से पीएम मोदी पर निस्गना साधते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली के लोगों के वोट का अपमान किया है। पूरा देश दिल्ली वालों के साथ है, 140 करोड़ लोग मिलकर संविधान बचाएंगे।
केजरीवाल ने कहा अंदर से पता चला है, जैसे दिल्ली में तानाशाही लागू हई, कल इसी तरह बंगाल और राजस्थान के लिए भी लाया जाएगा। चौथी पास राजा को समझ नहीं आ रहा है कि देश कैसे चलाया जाए। चारों तरफ बेरोजगारी फैली हुई है। जीएसटी की वजह से व्यापारियों को बेड़ा गर्क हो गया है। पूरी रेलवे का बेड़ा गर्क कर दिया। दूध, दही, सब्जी, गैस बस कुछ महंगा कर दिया।
अध्यादेश को खारिज कराकर रहेंगे
दिल्ली सीएम ने कहा कि भाजपा वाले मुझे रोज-रोज गाली देते हैं। दिल्ली के अपमान को मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता हूं। देश के सारे लोग दिल्ली के साथ हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पालन कराकर रहेंगे। हम अध्यादेश को खारिज कराकर रहेंगे। मुझे पता चला है कि यह मोदी जी का पहला वार है। कल यही अध्यादेश दूसरे राज्यों के लिए लाया जाएगा।
नरेंद्र मोदी सुप्रीम कोर्ट को क्यों नहीं मानते
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में जनतंत्र खत्म हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के हक में फैसला दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुप्रीम कोर्ट को क्यों नहीं मानते हैं। चुनी हुई सरकार को काम करने का अधिकार होना चाहिए। आज संविधान को बचाने के लिए आंदोलन शुरू हो रहा है।
तानाशाही को खत्म करने के लिए फिर से इकट्ठा हुए हैं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि रामलीला मैदान में 12 साल पहले इकट्ठा हुए थे। तानाशाही को खत्म करने के लिए फिर से इकट्ठा हुए हैं। इसी मंच से भ्रष्टाचार की लड़ाई लड़ी थी। आज तानाशाही के खिलाफ लड़ाई शुरू कर रहे हैं और जीतेंगे भी।
BJP यानी भारतीय जुगाड़ू पार्टी: भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि BJP यानी भारतीय जुगाड़ू पार्टी है। यदि केजरीवाल अधिकारियों को दंडित नहीं कर पाएंगे तो सरकार कैसे चला पाएंगे। केजरीवाल का प्यार लोगों को 42 डिग्री की गर्मी में खींच लाया है। संजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार एक अध्यदेश के जरिये लोगों का हक हड़पना चाहती है। राज्यसभा में बिल पास नहीं होने देंगे।
मोदी जी सब कुछ अपने अनुसार चलाना चाहते हैं: कपिल सिब्बल
कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में विधानसभा होने का अर्थ है कि लोग चाहते हैं कि दिल्ली में जनता की आवाज के अनुसार सरकार चले लेकिन मोदी जी सब कुछ अपने अनुसार चलाना चाहते हैं। केंद्र सरकार सुप्रीम कोर्ट का फैसला रद्द नहीं कर सकती है। सुप्रीम कोर्ट इस अध्यदेश को रद्द करेगी। यदि सब कुछ केंद्र सरकार ही करेगी तो विधानसभा का क्या अर्थ है।