नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ़्तार फिर डरा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी अपडेट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में ही कोरोना के दो हजार से ज्यादा नए मामले बढ़े हैं। इस अवधि में संक्रमण के 7,240 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 8 लोगों की मौत भी हुई है।
कोरोना के सक्रिय मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 3,591 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। इसके साथ ही कोरोना के एक्टिव केस अब 32,498 हो गए हैं।
भारत में कोरोना के अब तक कुल 4 करोड़ 31 लाख 97 हजार 522 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि कुल 4 करोड़ 26 लाख 40 हजार 301 लोग रिकवर हो चुके हैं। इसके अलावा कोरोना से अब तक 5 लाख 24 हजार 723 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
महाराष्ट्र और केरल ने बढ़ाई चिंता
महाराष्ट्र और केरल के आंकड़ों ने खासी चिंता बढ़ाई है। दोनों राज्यों में नई मरीजों की संख्या 2 हजार के पार रही। रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 2,710 नए मामले सामने आए जो करीब चार महीने में सबसे ज्यादा दैनिक मामले हैं।
दैनिक मामलों में महाराष्ट्र के बाद सबसे बड़ा इजाफा केरल में देखा गया। इस दक्षिण भारतीय राज्य में 2,271 नए मरीज मिले हैं। यहां 6 संक्रमितों की मौत हुई। हालांकि, महाराष्ट्र में इस दौरान कोविड से कोई मौत नहीं हुई। इस तरह सिर्फ दो राज्यों से 4,981 नए मामले सामने आए हैं।