नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले एक बार फिर डराने लगे हैं। ने मामले तेजी से बढ़ने के साथ ही संक्रमण दर भी बढ़ती जा रही है। आज शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते 24 घंटे में 17,336 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन पहले इनकी संख्या 13313 थी। इस तरह एक दिन में चार हजार से ज्यादा मामले बढ़े हैं।
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सक्रिय मरीजों की संख्या में भी तेजी से इजाफा दर्ज किया जा रहा है। देश में अब 88,284 सक्रिय मरीज हैं। जबकि, कल तक 83,990 सक्रिय मरीज थे। एक दिन में चार हजार से ज्यादा सक्रिय मरीज भी बढ़े हैं।
दिल्ली में संक्रमण दर 8 फीसदी के पार
राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के मामलों में उछाल आया है। बीते पांच महीने में संक्रमण के सबसे अधिक 1934 मामले मिले हैं। इससे पहले तीन फरवरी को एक दिन में 2668 मरीज मिले थे। नए मामलों के साथ संक्रमण दर 8.10 फीसदी दर्ज की गई है। वहीं, 1233 मरीजों ने कोरोना को मात दी है।
महाराष्ट्र में 5000 से ज्यादा मामले
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 5,218 नए मामले सामने आए, जबकि एक और मरीज ने महामारी के चलते जान गंवा दी। रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,479 नए मरीजों की पहचान हुई।
12 राज्यों में बढ़ी कोरोना की रफ्तार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 10 जून के बाद 12 राज्यों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ी है। इसमें महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु, हरियाणा, उप्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, गुजरात, गोवा, पंजाब में साप्ताहिक मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है।