देश कोरोना को अलविदा कहने के बेहद करीब पहुंच चुका है। दैनिक मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में 11,000 से भी कम मरीज़ मिले हैं। एक दिन में 10,273 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही 243 मरीज़ों ने इस वायरस के चलते अपनी जान गवाई।
रिकवर होने वालों की बात करें तो कुल 20,439 लोगों ने कोरोना को मात दी। इससे अब देश में ठीक होने वालों की कुल संख्या 4,22,90,921 पहुंच गई है। फिलहाल 1,11,472 एक्टिव केस हैं, जिसकी दर 0.26% है।
इस समय देश में डेली पॉजिटिविटी रेट 1.00% है और वीकली पॉजिटिविटी रेट 1.26% है। शनिवार को देश भर में 10,22,204 कोरोना टेस्ट हुए। अब तक 76.67 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं। मालूम हो कि कोविड-19 के खिलाफ वैक्सीनेशन कैंपेन जारी है। देश भर में अब तक 177.44 करोड़ वैक्सीन डोज लग चुकी हैं।