देश में कोरोना वायरस का ओमीक्रॉन वैरिएंट तेज़ी से पैर पसार रहा है।दिल्ली में अब ओमीक्रॉन के 10 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को जानकारी दी कि दिल्ली में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 10 नए मामले मिले हैं। उन्होंने बताया कि कुल 20 मामलों में से 10 को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
दिल्ली में मिले १० में से 8 मरीज़ विदेश से लौटे हैं। वहीं 2 अन्य मरीज़ दिल्ली के ही रहने वाले हैं, जो की एक शादी समारोह में साउथ अफ्रीका से आई एक महिला के संपर्क में आए थे। इसके बाद वे अपने घर लौट आए।
जांच में दोनों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। इसके बाद इन्हें लोकनायक अस्पताल भेजकर इनका सैम्पल जीनोम सीक्वेंस जांच के लिए भेजा गया। जांच में ओमीक्रोन संक्रमित मिलने के बाद इनके संपर्क में आये लोगों को चिह्नित कर जांच की जा रही है। स्वाथ्य विभाग की टीम बुधवार को नए संदिग्धों की जांच में लगी रही।