लखनऊ में जीका वाइरस के मामले बढ़ने से शहर में हड़कंप मच गया है। शहर के जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जीका वायरस के मरीज के घर के आसपास 400 मीटर का कंटेनमेंट जोन बनाया जाए। साथ ही मरीज को होम आइसोलेशन में रखा जाए। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जिला मजिस्ट्रेट ने जीका वायरस के मामलों को नियंत्रित करने के लिए बुलाई गई बैठक में ये निर्देश जारी किए। डीएम ने अधिकारियों को निगरानी समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
निगरानी के लिए 550 सुपर सर्विलांस टीमों का गठन किया गया । प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पच्चीस टीमें मौजूद रहेंगी और वे घर-घर जाकर मरीजों का सर्वेक्षण और निगरानी करेंगी। जानकारी के अनुसार, जीका प्रभावित राज्यों और विदेशों से आने वाले यात्रियों की सूची बनाने के लिए हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और बस स्टॉप पर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
वायरस से निपटने के लिए जिले के आठ अस्पतालों में जीका वायरस वार्ड बनाए जाएंगे। वायरस के खिलाफ जागरूकता अभियान भी शुरू किया जाएगा। होर्डिंग्स और पैम्फलेट के जरिए लोगों को इस वायरस के प्रति जागरूक किया जाएगा। जीका वायरस के लिए भी हेल्पलाइन जारी की गई है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि जनता इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (आईसीसीसी) के नंबर 0522-4523000 पर कॉल करके बीमारी की जानकारी ले सकती है।