देश में ओमीक्रॉन के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब कोरोना मरीज़ों की संख्या 161 पहुंच गई हैं। सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राज्यसभा में बताया कि सरकार विशेषज्ञों के साथ हर दिन स्थिति की निगरानी कर रही है और पूरी तरह से सतर्क है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पहली और दूसरी लहरों के दौरान अपने अनुभव के साथ लड़ाई जारी रहेगी। हमने महत्वपूर्ण दवाओं के बफर स्टॉक की व्यवस्था की है, ताकि वैरिएंट के फैलने पर हमें समस्याओं का सामना न करना पड़े।
वैक्सीन को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ‘सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन हैं। राज्यों के पास अभी तक 17 करोड़ खुराक स्टॉक में हैं। वैक्सीन मैन्युफैक्चरिंग की क्षमता बढ़ी है। भारत के पास फिलहाल 31 करोड़ खुराक हर महीने प्रोडक्शन करने की क्षमता है, अगले 2 महीनों में यह बढ़कर 45 करोड़ प्रति माह हो जाएगा।’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि ‘पीएम मोदी के नेतृत्व में, हमारे स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों से 88 फीसदी लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है। वहीं, 58 फीसदी लोगों को दूसरी खुराक दी गई है। 96 देशों में ओमीक्रोन फैल चुका है और इसके प्रभावों पर सतत नजर रखी जा रही है। सरकार वायरस के इस वैरिएंट को लेकर पूरी तरह सतर्क है तथा आने वाले समय में इसे लेकर जरूरत के अनुसार परामर्श जारी किए जाएंगे जिनके आधार पर ही अवलोकन किया जाना चाहिए ताकि लोगों में किसी तरह का भ्रम न फैले।’