न्यूयार्क। अमेरिका में भारतीय मूल के नागरिकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पिट्सबर्ग से सामने आया है, जहां शुक्रवार दोपहर एक भारतीय मूल के मोटल मालिक राकेश एहागाबन की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
विवाद के बीच बीच-बचाव करने पहुँचे थे राकेश
जानकारी के मुताबिक, घटना पिट्सबर्ग स्थित एक मोटल में हुई, जिसके मालिक राकेश एहागाबन थे। मोटल में ठहरे 37 वर्षीय स्टेनली यूजीन वेस्ट ने अपनी महिला साथी पर गोली चला दी थी। गोली चलने की आवाज सुनकर राकेश बाहर आए और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने स्टेनली से पूछा, “तुम ठीक हो दोस्त?” लेकिन जवाब में हमलावर ने कुछ ही फीट की दूरी से राकेश के सिर में गोली दाग दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोपी ने महिला और पुलिस पर भी चलाई गोली
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, स्टेनली पिछले दो हफ्तों से मोटल में एक महिला और बच्चे के साथ रह रहा था। गोलीबारी के दौरान महिला गाड़ी में अपने बच्चे के साथ बैठी थी, तभी आरोपी ने उसके गले में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह कार चलाकर पास के डिक कर्निक टायर एंड ऑटो सर्विस सेंटर तक पहुंची, जहां पुलिस ने उसे देखा और अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चा सुरक्षित है।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसे ईस्ट हिल्स इलाके में ट्रैक किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर भी फायरिंग की, जिसमें एक अधिकारी घायल हुआ। जवाबी कार्रवाई में स्टेनली को भी गोली लगी और उसे हिरासत में ले लिया गया है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल के महीनों में अमेरिका में भारतीयों की हत्याओं के कई मामले सामने आए हैं। सिर्फ एक महीने पहले टेक्सस में एक भारतीय मूल के मोटल मैनेजर की सिर काटकर हत्या कर दी गई थी। विवाद एक वॉशिंग मशीन को लेकर हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अमेरिका में बसे भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय दूतावास ने भी पहले ऐसे मामलों में अमेरिकी प्रशासन से समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की थी।