ढाका: Bangladesh Nationalist Party (BNP) की ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी अध्यक्ष Tarique Rahman 17 फरवरी को राष्ट्रीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
हाल ही में हुए संसदीय चुनाव 12 फरवरी को आयोजित किए गए थे, जो Sheikh Hasina के नेतृत्व वाली Awami League सरकार के पतन के बाद कराए गए। चुनाव में BNP गठबंधन ने 299 में से 212 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया। वहीं Jamaat-e-Islami (JeI) गठबंधन 77 सीटों के साथ दूसरे सबसे बड़े गुट के रूप में उभरा।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए 13 देशों को आमंत्रण भेजा गया है। इनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्किये, यूएई, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। बांग्लादेश सरकार ने भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi को भी निमंत्रण भेजा है।
हालांकि प्रधानमंत्री मोदी के ढाका पहुंचने की संभावना कम मानी जा रही है, क्योंकि उसी दिन फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आ रहे हैं। 17 फरवरी को मुंबई में मोदी और मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इस दौरान एआई इम्पैक्ट समिट में भी भाग लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार की ओर से शपथ ग्रहण समारोह में किसी वरिष्ठ प्रतिनिधि को भेजे जाने की संभावना है। वहीं, BNP समर्थकों में नई सरकार को लेकर उत्साह का माहौल है और समारोह में कई विदेशी मेहमानों की उपस्थिति की उम्मीद की जा रही है।