पाकिस्तानी प्रांत बलूचिस्तान में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के हमले लगातार जारी हैं। समूह ने कहा है कि उसका ऑपरेशन हेरोफ फेज 2.0 पिछले 40 घंटे से कई जिलों में चल रहा है और इसमें पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को भारी नुकसान हुआ है। BLA ने कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में अपना नियंत्रण होने का भी दावा किया है।
BLA प्रवक्ता जीयांद बलूच ने कहा कि खारान, मस्तुंग, तुम्प और पसनी सहित अन्य इलाकों में ऑपरेशन पूरे हो चुके हैं और कुछ जगहों पर लड़ाई अभी भी जारी है। समूह का दावा है कि उसके लड़ाके क्वेटा और नोशकी के हिस्सों में मौजूद हैं और वहां से पाकिस्तानी सैन्य मौजूदगी को पीछे धकेल दिया गया है। BLA ने कहा कि उसके हमलों में पाकिस्तान सेना, पुलिस और फ्रंटियर कॉर्प्स के 200 से अधिक जवान मारे गए और कम से कम 17 लोग पकड़े गए। ये आंकड़े प्रारंभिक हैं और वास्तविक नुकसान इससे अधिक होने का अनुमान है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
BLA ने नोशकी के डिप्टी कमिश्नर मुहम्मद हुसैन हजारा और असिस्टेंट कमिश्नर मारिया शामू को हिरासत में लिया और बाद में रिहा किया। समूह ने इसे ‘मानवीय कदम’ बताया और कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और पुलिस को तब तक दुश्मन नहीं मानता जब तक वे उसके लड़ाकों का प्रत्यक्ष विरोध नहीं करते।
समूह ने अपने नुकसान की भी बात स्वीकार की। BLA ने कहा कि ऑपरेशन में उसके 18 लड़ाके मारे गए, जिनमें मजीद ब्रिगेड के 11 फिदायीन, फतेह स्क्वाड के 4 और STOS यूनिट के 3 शामिल हैं। इसमें महिला हमलावर आसिफा मेंगल की भी मौत हुई, जिन्होंने नोशकी में ISI हेडक्वार्टर को निशाना बनाया। इस बीच बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने कहा कि आतंकवाद विरोधी अभियानों में पिछले 40 घंटों में कम से कम 145 आतंकवादी और 17 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं।