बीजिंग। चीन से एक दर्दनाक हादसे की खबर आ रही है। यहां एक लोहे की एक खदान में पानी भर जाने के कारण 14 मजदूरों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता है। चीनी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लापता व्यक्ति की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। खदान में पानी भरने की घटना इस महीने की शुरुआती की है। तांगशान शहर की सरकार ने इसे लेकर छोटा सा बयान जारी किया है। इसमें बताया गया कि तलाश और बचाव अभियान समाप्त हो गया है।
2 सितंबर को खदान में पानी भर जाने के कारण का पता लगाया जा रहा है। यह खदान हेबेई प्रांत में बीजिंग से 160 किलोमीटर पूर्व में है। हेबेई में बड़ी मात्रा में लौह अयस्क और इस्पात पाया जाता है।
फरवरी में भी हुआ था ऐसा हादसा
दक्षिण-पश्चिम चीन में ऐसा ही हादसा इस साल फरवरी में भी हुआ था। यहां कोयले की एक खदान के ढहने से उसमें फंसे 14 खनिकों की मौत हो गई थी। गुइझोऊ प्रांत में 25 फरवरी को कोयले की खदान की छत ढहने के बाद उसमें खनिक फंस गए थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि जहां खदान की छत ढही थी, वह स्थान खदान के प्रवेश से करीब तीन किलोमीटर दूर था।