नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ और CDF फील्ड मार्शल असीम मुनीर की सराहना करते हुए उन्हें “बेहद सम्मानित जनरल” बताया है। इसके साथ ही ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान और भारत के बीच संभावित युद्ध को रोकने में अहम भूमिका निभाई थी।
सोमवार को फ्लोरिडा में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन फेलन के साथ एक कार्यक्रम के दौरान सवालों के जवाब में ट्रंप ने कहा, “हमने पाकिस्तान और भारत के बीच संभावित परमाणु युद्ध को रोका।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने उन्हें एक करोड़ लोगों की जान बचाने का श्रेय दिया है।
ट्रंप ने आगे कहा कि भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान “आठ विमान मार गिराए गए थे” और हालात युद्ध की ओर बढ़ रहे थे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि उन्होंने अब तक कुल आठ युद्ध रुकवाए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अब तक वह केवल रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान नहीं निकाल पाए हैं।
इस दौरान ट्रंप ने ‘ट्रंप क्लास’ युद्धपोतों की योजना का भी खुलासा किया। उल्लेखनीय है कि डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले भी कई बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले संघर्ष को रोका था। यह संघर्ष भारतीय सशस्त्र बलों के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद शुरू हुआ था।
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में शुरू किए गए इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। ट्रंप ने कई मौकों पर यह भी कहा है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रोकने के लिए ट्रेड टैरिफ का इस्तेमाल किया।
हालांकि, भारत सरकार ने ट्रंप के इन दावों को लगातार खारिज किया है। नई दिल्ली का कहना है कि मई में चार दिनों तक चले सैन्य टकराव के दौरान दोनों देशों के बीच स्थापित सैन्य संवाद चैनलों के जरिए तनाव कम किया गया था। भारत के अनुसार, भारी नुकसान उठाने के बाद पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) ने भारतीय DGMO से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों पक्ष सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए।