नई दिल्ली। श्रीलंका में जब तक स्थितियां सामान्य नहीं हो जाती तब तक पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और उनका परिवार त्रिंकोमाली नौसैनिक अड्डे पर रहेगा। बता दें कि दंगाइयों ने श्रीलंका में महिंदा राजपक्षे समेत कई मंत्रियों के घर को आग के हवाले कर दिया था।
श्रीलंकाई रक्षा मंत्रालय के सचिव कमल गुणरत्ने ने कहा कि जब देश में स्थिति सामान्य हो जाएगी, तब राजपक्षे को उनके इच्छित स्थान पर ले जाया जाएगा। रक्षा सचिव ने कहा कि चाहे इसमें कितना भी समय लगे, सेना राजपक्षे को तब तक सुरक्षा मुहैया कराएगी, क्योंकि एक पूर्व प्रधानमंत्री के तौर पर वह जीवन भर सुरक्षा के हकदार हैं।
राजपक्षे, उनकी पत्नी शिरंथी और उनके सबसे छोटे बेटे रोहिता सहित उनका समस्त परिवार मंगलवार की सुबह प्रधानमंत्री के सरकारी आवास टेंपल ट्रीज से वायुसेना के हेलीकॉप्टर से रवाना हुआ था। सोमवार को उनके इस्तीफे के बाद से देश में हिंसा भड़क गई थी।
सोमवार को सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के साथ सरकार समर्थक समूहों की झड़प के बाद देश में कई हिंसक घटनाएं हुई हैं, जिसमें एक सांसद सहित आठ लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। देशव्यापी कर्फ्यू को गुरुवार सुबह तक बढ़ा दिया गया है।