ओस्लो (नॉर्वे)। विभिन्न क्षेत्रों में 2022 के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा लगातार हो रही है। इसी क्रम में साहित्य के नोबेल पुरस्कार की घोषणा हो गई है। फ्रांसीसी लेखिका एनी एर्नॉक्स को इस साल का साहित्य का नोबेल दिया गया है। नोबेल प्राइज कमेटी ने कहा कि एनी को साहस और क्लिनिकल एक्यूटी के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया है। पिछले साल साहित्य में नोबेल तंजानिया में जन्मे ब्रिटिश उपन्यासकार अब्दुलराजाक गुरनाह को दिया गया था।
प्रतीक सिन्हा, जुबैर नोबेल शांति पुरस्कार के दावेदार
तथ्यों की जांच करने वाली वेबसाइट ऑल्टन्यूज के सह-संस्थापक प्रतीक सिन्हा और मोहम्मद जुबैर तथा भारतीय लेखक हर्ष मंदर इस साल के नोबेल शांति पुरस्कार के संभावित विजेताओं में शामिल हैं। विजेता के नाम की घोषणा से पहले जारी की गई संक्षिप्त सूची से इस बात के संकेत मिल रहे हैं। नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा सात अक्टूबर को नॉर्वे के ओस्लो में की जाएगी।
‘द टाइम’ पत्रिका ने ”नॉर्वे के सांसदों के माध्यम से सार्वजनिक किए गए नामांकन, सट्टेबाजों की भविष्यवाणियों और पीस रिसर्च इंस्टिट्यूट, ओस्लो से चुने गए नामांकन के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की है, जिसमें संभावित विजेताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
इन वैज्ञानिकों को मिला है कैमिस्ट्री का नोबेल
कैमिस्ट्री में इस वर्ष का नोबेल पुरस्कार कैरोलिन आर बर्टोज्जी, मोर्टन मेल्डल और के. बैरी शार्पलेस को समान भागों में ‘अणुओं के एक साथ विखंडन’ का तरीका विकसित करने के लिए प्रदान किया गया है।
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के महासचिव हैंस एलेग्रेन ने बुधवार को स्वीडन के स्टॉकहोम में करोलिंस्का इंस्टीट्यूट में विजेताओं की घोषणा की। उनके काम को क्लिक रसायन और बायोऑर्थोगोनल प्रतिक्रियाओं के रूप में जाना जाता है।