इस्लामाबाद। पाकिस्तान के दूसरे सबसे बड़े नौसेना एयर स्टेशन पीएनएस सिद्दीकी पर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। तुरबत में हुए इस हमले की जिम्मेदारी बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) की मजीद ब्रिगेड ने ली है। बता दें कि बीएलओ को पाकिस्तान सरकार की ओर से प्रतिबंधित घोषित किया जा चुका है। रिपोर्ट्स के अनुसार हमले के दौरान गोलियां चलने की और बम धमाकों की आवाजें सुनाई दीं।
आपको बता दें कि मजीद ब्रिगेड बलोचिस्तान में चीन की ओर से किए जा रहे निवेश का सख्त विरोध करता है। उसका कहना है कि चीन और पाकिस्तान इस क्षेत्र के संसाधनों का दुरुपयोग कर रहे हैं। बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार बीएलए ने दावा किया है कि उसके लड़ाके एयर स्टेशन के अंदर पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार एयर स्टेशन पर हुए इस हमले के दौरान मजीद ब्रिगेड ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं और कई बम भी फेंके।
रिपोर्ट्स के अनुसार पीएनएस सिद्दीकी पर हमला करने के दौरान मजीद ब्रिगेड के लड़ाकों ने पाकिस्तानी बलों के 4 हेलीकॉप्टर और 3 ड्रोन तबाह कर दिए हैं। इस लेकर बीएलए ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की है। इसमें एक लड़ाके को यह कहते सुना जा सकता है कि लड़ाई चल रही है और हमारे सभी साथी सुरक्षित हैं। हम पीएनएस सिद्दीकी के अंदर हैं। हमने दुश्मन की कई संपत्तियों को नष्ट कर दिया है और कई दुश्मनों को जहन्नुम भेज दिया है।