नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu की मौत से जुड़ी अफवाहें तेजी से फैलने लगीं। इस बीच इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने आधिकारिक बयान जारी कर इन दावों को पूरी तरह निराधार और फेक न्यूज करार दिया है। पीएमओ ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
दरअसल, यह अफवाहें उस समय सामने आईं जब अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता Mojtaba Khamenei के जिंदा होने को लेकर संदेह जताया। इसी बीच सोशल मीडिया पर नेतन्याहू को लेकर भी तरह-तरह के दावे किए जाने लगे।
अमेरिकी कमेंटेटर Candace Owens ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाते हुए लिखा कि “बिबी कहां हैं? उनका ऑफिस फेक एआई वीडियो क्यों जारी कर रहा है और बाद में उसे डिलीट कर रहा है, और व्हाइट हाउस में इतनी घबराहट क्यों है?”
कैसे शुरू हुई अफवाह
दरअसल, शुक्रवार को प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव और युद्ध की स्थिति पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बयान दिया।
वीडियो में एक क्षण ऐसा आया जब नेतन्याहू ने अपना दायां हाथ उठाया। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि उस समय उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही थीं। इसके बाद लोगों ने इसे कथित ‘एआई फिंगर ग्लिच’ बताते हुए कहना शुरू कर दिया कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है और वास्तविकता में नेतन्याहू की मौत हो चुकी है।
कुछ यूजर्स ने वीडियो के बैकग्राउंड को लेकर भी सवाल उठाए। उनका दावा था कि पर्दे की हलचल और पीछे लगे इजरायली झंडों की स्थिरता संदिग्ध लग रही है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि पर्दा एक ही पैटर्न में लूप हो रहा है, जो एआई जनरेटेड वीडियो की पहचान हो सकती है।
हालांकि इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए साफ किया है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू पूरी तरह सुरक्षित हैं और सोशल मीडिया पर फैल रही खबरें भ्रामक हैं।