Narendra Modi इजरायल दौरे पर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने खुद उनकी अगवानी की और गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान विशेष आत्मीयता देखने को मिली। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार, जिस समय पीएम मोदी ‘एयर इंडिया वन’ से इजरायल जा रहे थे, उस वक्त उनकी फ्लाइट दुनिया में सबसे ज्यादा ट्रैक की जा रही थी।
नेतन्याहू बोले- भारत और इजरायल का रिश्ता मजबूत
दौरे से पहले बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल का संबंध दो वैश्विक नेताओं का सशक्त गठबंधन है। दोनों देश नवाचार, सुरक्षा और साझा रणनीतिक दृष्टिकोण में साझेदार हैं। एआई से लेकर क्षेत्रीय सहयोग तक, दोनों देशों की साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।
मोदी ने कहा- रणनीतिक साझेदारी और गहरी होगी
दौरे पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच बहुआयामी और मजबूत रणनीतिक साझेदारी है, जो पिछले कुछ वर्षों में और सुदृढ़ हुई है। उन्होंने बताया कि वे बेंजामिन नेतन्याहू के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
पीएम मोदी इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वे इजरायली संसद Knesset को संबोधित करेंगे। उन्होंने इसे दोनों देशों के लोकतांत्रिक और संसदीय संबंधों को समर्पित बताया।
रक्षा सौदों पर हो सकती है चर्चा
दौरे के दौरान भारत और इजरायल के बीच रक्षा क्षेत्र से जुड़े अहम समझौतों पर बातचीत की संभावना है। ड्रोन और एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम जैसे मुद्दे एजेंडे में शामिल हो सकते हैं। इजरायल के एयर डिफेंस सिस्टम Iron Dome पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
पहले भी हो चुके हैं अहम दौरे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2017 में इजरायल के दौरे पर गए थे, जबकि बेंजामिन नेतन्याहू ने 2018 में भारत का दौरा किया था। दोनों नेताओं के बीच कई बार फोन पर भी बातचीत हो चुकी है। हाल के महीनों में भी दोनों के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई है।यह दौरा भारत-इजरायल संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है, जिसमें रक्षा, तकनीक और रणनीतिक सहयोग पर विशेष फोकस रहेगा।