मुंबई। बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा और उनकी पत्नी लिन लैशराम ने शनिवार को अपनी शादी के दो साल पूरे कर लिए। इस खास मौके पर कपल ने अपने फैंस के साथ एक और खुशखबरी साझा की—रणदीप ने सोशल मीडिया पर संकेत दिया है कि उनके घर नन्हा मेहमान आने वाला है।
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर पत्नी के साथ जंगल में खिंची एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा,“दो साल का प्यार, रोमांच, और अब… a little wild one on the way.” साथ ही उन्होंने इनफिनिटी और हार्ट इमोजी भी जोड़े। पोस्ट सामने आते ही फैंस की बधाइयों की बाढ़ आ गई।
एक यूज़र ने लिखा, “बहुत-बहुत बधाई दोनों को, मैं आप दोनों के लिए बहुत खुश हूं।” एक अन्य ने कमेंट किया, “नए चरण में प्रवेश करने के लिए दिल से बधाई।” किसी फैन ने लिखा, “नया अध्याय बहुत खूबसूरत होने वाला है।”
2011 में हुई थी पहली मुलाकात
रणदीप और लिन की पहली मुलाकात 2011 में नसीरुद्दीन शाह के थिएटर ग्रुप में हुई थी, जहां दोनों की दोस्ती शुरू हुई। थिएटर के दिनों में रणदीप अक्सर लिन की मदद करते थे, जिससे लिन उनकी ओर आकर्षित हुईं। हालांकि दोनों के अलग-अलग सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के कारण परिवार शुरू में शादी के खिलाफ था, लेकिन आखिरकार मनाने के बाद कपल ने 29 नवंबर 2023 को मणिपुरी मैतेई रीति-रिवाजों से शादी की।
असम में शादी समारोह के बाद कपल ने मुंबई में एक ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया था, जिसमें कई बॉलीवुड सितारे शामिल हुए थे।
लिन लैशराम पेशे से मॉडल हैं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर मॉडलिंग और फूड से जुड़े पोस्ट भरे पड़े हैं।