नई दिल्ली। दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई, जब रीअहि सुनक खुद राजधानी के जाम में फंस गए। पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 में भाग लेने पहुंचे थे, लेकिन भारी ट्रैफिक के कारण उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में देरी हो गई।
मंच पर पहुंचते ही किया मजाकिया अंदाज में माफी
कार्यक्रम में पहुंचने के बाद सुनक ने हल्के-फुल्के अंदाज में देरी के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, “कुछ मिनट लेट होने के लिए माफ़ी चाहता हूं। यह पूरी तरह मेरी गलती है। एआई बहुत कुछ कर सकता है, लेकिन अभी तक दिल्ली के ट्रैफिक को कंट्रोल नहीं कर सकता।” उनकी इस टिप्पणी पर सभागार में मौजूद लोग हंस पड़े। हालांकि, कुछ लोगों ने इसे एक हल्के तंज के रूप में भी देखा।
एआई रेस में भारत की बढ़त का जिक्र
अपने संबोधन में सुनक ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वैश्विक दौड़ में भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। साथ ही उन्होंने मुस्कुराते हुए यह भी जोड़ा कि इंग्लैंड अब भी आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर है।
उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने तकनीक के विकास और उसके व्यापक उपयोग में उल्लेखनीय प्रगति की है। सुनक के अनुसार, भारत एआई के क्षेत्र में तेजी से उभरती महाशक्ति के रूप में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है।
वैश्विक रैंकिंग में भारत की स्थिति मजबूत
सुनक ने कहा कि इस सप्ताह उन्होंने जो कुछ देखा, वह असाधारण है। उन्होंने Stanford University की विश्व रैंकिंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब एआई महाशक्ति के रूप में शीर्ष देशों में गिना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश के लोगों के लिए गर्व का विषय है।