इस्लामाबाद। पीटीआई के वरिष्ठ नेता शाह महमूद कुरैशी को जेल से छूटने के बाद तुरंत फिर गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने मंगलवार को उनकी रिहाई का आदेश दिया था। दरअसल अल-कादिर ट्रस्ट केस में 9 मई को पूर्व पीएम इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पीटीआई कार्यकर्ताओं ने हिंसक विरोध किया था, जिसके बाद कुरैशी को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पीटीआई नेता और पूर्व विदेश मंत्री कुरैशी ने अदालत में आश्वासन दिया कि वह आंदोलन करने और पार्टी कार्यकर्ताओं को उकसाने से परहेज करेंगे। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया था।
इस मामले में पुलिस ने बताया था कि पीटीआई नेता कुरैशी को पुलिस ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में हिंसा और आगजनी के केस में गिरफ्तार किया था। अपनी फिर से गिरफ्तारी से पहले, पीटीआई के उपाध्यक्ष कुरैशी ने कहा कि वह पार्टी का हिस्सा थे और बने रहेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस कुरैशी को कहां ले गई इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं इमरान खान की करीबी सहयोगी शिरीन मजारी ने पार्टी छोड़ दी है।साथ ही उन्होंने इमरान खान के समर्थकों की निंदा की, जिन्होंने 9 मई को पूरे पाकिस्तान में सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला किया और आग लगा दी।
ऐसा माना जा रहा है कि पूर्व मंत्री कुरैशी गिरफ्तारी से पीटीआई प्रमुख इमरान खान को झटका लगा है क्योंकि हाल के दिनों में उनकी पार्टी के कई नेताओं ने या तो इस्तीफा दे दिया या फिर उन्हें अरेस्ट कर लिया गया। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मैं पार्टी नहीं छोड़ रहा हूं। पार्टी के साथ हूं और आगे भी रहूंगा।