तालिबान के अफगानिस्तान पर शासन कायम करने के बाद से ही जनता को कई बदलावों का सामना करना पड़ रहा है। तालिबानी सरकार आए दिन कानूनों में बदलाव करती जा रही है। खास कर की महिलाओं को ले कर तालिबान काफी सख्त कानून लागू करता जा रहा है। बता दें कि अब लम्बी दुरी की यात्रा करने वाली महिलाओं को अकेले सफर करने की इजाज़त नहीं है।
महिलाओं के साथ उनके परिवार के किसी पुरुष का होना अनिवार्य होगा। बिना पुरुष सदस्य के महिलाओं को लम्बे सफर पर जाने की अनुमति नहीं होगी। ‘मिनिस्ट्री फॉर द प्रमोशन ऑफ वर्चु एंड प्रीवेंशन ऑफ वाइस’ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि सभी वाहन मालिक केवल उन्हीं महिलाओं को अपने वाहन में बैठकर यात्रा करने दें, जिन्होंने इस्लामिक हिजाब पहना हो। इस तरह एक बार फिर साफ हो गया है कि तालिबान महिलाओं को लेकर क्या विचार रखता है।
मंत्रालय के प्रवक्ता सादिक आकिफ ने बताया कि ’72 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाली महिलाओं को सवारी की पेशकश नहीं की जानी चाहिए, अगर उनके साथ परिवार का कोई करीबी सदस्य नहीं है। करीबी सदस्य पुरुष ही होना चाहिए।’ ये दिशा-निर्देश ऐसे समय पर आया है, जब कुछ हफ्ते पहले ही तालिबान ने अफगानिस्तान के टेलीविजन चैनलों को महिलाओं वाले सीरियल और फिल्मों को दिखाने पर रोक लगा दी थी। मंत्रालय ने ये भी कहा था कि महिला टीवी पत्रकारों को न्यूज पढ़ते समय हिजाब पहनना होगा।