इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। रविवार देर रात एक घर में गैस सिलेंडर फटने से दूल्हा-दुल्हन समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इस्लामाबाद के रिहायशी इलाके G-7/2 सेक्टर में हुआ।
पुलिस और रेस्क्यू अधिकारियों के मुताबिक, यह विस्फोट उस समय हुआ जब शादी के रिसेप्शन के बाद घर में मौजूद मेहमान सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार धमाके से घर का एक हिस्सा ढह गया और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दीवारों के हिस्से उड़ गए और मलबा दूर-दूर तक फैल गया।
रेस्क्यू टीमों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए तुरंत अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि कुल 19 लोगों को मलबे से निकाला गया, जिनमें से आठ की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा गैस लीक के कारण हुआ। बताया गया कि कमरे में गैस भर जाने के बाद किसी चिंगारी से विस्फोट हो गया। एडिशनल डिप्टी कमिश्नर जनरल साहिबजादा यूसुफ ने बताया कि इस धमाके से चार पड़ोसी घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
मृतकों में दूल्हा-दुल्हन के अलावा उनकी मां, चाचा, चाची, चचेरे भाई-बहन और दो पड़ोसी शामिल हैं। पाकिस्तान मीडिया के अनुसार, मृत दूल्हा 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की साजिश रचने वाले आतंकी डेविड कोलमैन हेडली का रिश्तेदार बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।