जम्मू-कश्मीर की नगरोटा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। भाजपा उम्मीदवार देवयानी राणा ने 24,647 वोटों के विशाल अंतर से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के अनुसार देवयानी को कुल 42,350 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के हर्ष देव सिंह को 17,703 वोट प्राप्त हुए। नेशनल कॉन्फ्रेंस की उम्मीदवार शमीम बेगम 10,872 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। यह सीट उनके पिता और पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने देवयानी को मैदान में उतारा और उन्होंने यह सीट पार्टी के लिए बरकरार रखी।
जीत के बाद देवयानी राणा का बयान
विजय हासिल करने के बाद देवयानी राणा ने कहा, “यह हमारा सौभाग्य है कि नगरोटा ने 2024 की तरह इस बार भी हमारे परिवार को अपना आशीर्वाद दिया। भाजपा के दूरदर्शी नेतृत्व का हिस्सा बनकर गर्व महसूस होता है। पार्टी जब चुनाव लड़ती है, जीतने के लिए ही लड़ती है, जिसका परिणाम आज नगरोटा और बिहार दोनों जगह दिखाई दे रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि उनका अगला लक्ष्य क्षेत्र की जनता की सेवा को प्राथमिकता देना है। हम हर मतदाता का धन्यवाद करते हैं। आने वाले समय में नगरोटा के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।