जम्मू कश्मीर में आतंकी नापाक मंसूबों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। शुक्रवार को आतंकवादियों ने घाटी में दो घटनाओं को अंजाम दिया। श्रीनगर के ईदगाह इलाके में आतंकवादियों ने आम जनता को निशाना बनाते हुए फायरिंग की. आतंकियों की फायरिंग में शख्स की मौत हो गई है।
कश्मीर जोन पुलिस की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है कि, आतंकवादियों ने श्रीनगर के मेरजानपोरा, ईदगाह, पीएस सफाकदल में एक नागरिक रौफ अहमद पर गोलीबारी की। घायल को एसएमएचएस अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, अनंतनाग में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी को निशाना बनाकर फायरिंग की। अनंतनाग के पीएस बिजबेहरा के एक पुलिस कर्मी एएसआई मोहम्मद अशरफ को आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आतंकियों द्वारा निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस अधिकारी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।