पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के जुन्नर तालुका स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली किला शिवनेरी पर शिवजयंती के अवसर पर इस वर्ष भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राज्यभर से शिवज्योति लेकर पहुंचे युवाओं, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं और दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं के कारण किला परिसर रात से ही खचाखच भरा रहा। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त नहीं होने से कुछ समय के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए।
जानकारी के अनुसार, अंबरखाना के नीचे हाथी दरवाजा क्षेत्र और गणेश दरवाजा जैसे संकरे मार्गों पर अत्यधिक भीड़ जमा हो गई। रास्ते संकरे होने और एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के आगे बढ़ने से अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस अफरा-तफरी में महिलाओं और छोटे बच्चों सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जुन्नर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किले परिसर में भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है। हर वर्ष मुख्यमंत्री की उपस्थिति में किले पर शिवाजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस वर्ष भी सुबह नौ बजे आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है। भगदड़ की घटना के बाद प्रशासन की तैयारियों और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शिवजयंती जैसे बड़े उत्सव में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में भविष्य में बेहतर भीड़ नियंत्रण, प्रवेश और निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग तेज हो गई है।
आज मनाई जा रही है छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती
महाराष्ट्र समेत देशभर में आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाई जा रही है। नागपुर सहित विभिन्न शहरों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। नागपुर के महल स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर शिवाजी महाराज की प्रतिमा का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद महाआरती संपन्न हुई और ढोल-ताशों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने शिवाजी महाराज को नमन किया।