नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। वोटों की गिनती जारी है। राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोट डाले गए थे। दिल्ली में 60.54 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 2020 की तुलना में लगभग 2.5 प्रतिशत कम है।
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही है। उसकी लीड लगातार बढ़ती जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बीजेपी 46 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, आम आदमी पार्टी 24 सीटों पर आगे चल रही है। सबसे खराब स्थिति कांग्रेस की है. उसका इस बार भी खाता खुलते नहीं दिखाई दे रहा है।
दिल्ली चुनाव के परिणामों पर बीजेपी नेता नलिन कोहली ने कहा कि, मैंने शुरू में ही संकेद दिया था कि आम आदमी पार्टी जो बड़ी-बड़ी बातें करती थी, वो अब बातों से दिल्ली की जनता त्रस्त भी हो गई है तंग भी हो गई है और विश्वास भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जो परिणाम आ रहे हैं जिससे लगता है कि दिल्ली की जनता अब आम आदमी पार्टी पर विश्वास नहीं कर रही है।
बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हम अंतिम चुनाव परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि अंतिम परिणाम और भी बेहतर और बीजेपी के पक्ष में निर्णायक होंगे। यह दिखाता है कि लोगों को पीएम मोदी के वादों पर कितना भरोसा है। यह हमारे लिए सकारात्मक परिणाम है. दिल्ली की जनता ‘प्रयोगात्मक’ राजनीति से तंग आ चुकी है।
बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने कहा कि हम जनता का आभार व्यक्त करते हैं। लोगों ने स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है कि वे डबल इंजन सरकार चाहते हैं। लोगों ने कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल की आंखें खोलने का काम किया है। EVM, पुलिस, चुनाव आयोग को दोष देने वाली इस नकारात्मक राजनीति का अंत होगा। हमें उम्मीद है कि भाजपा की जीत होगोी और भाजपा लोगों की सेवा के लिए तैयार है।