राजेंद्र नगर (पटना) से नई दिल्ली जा रही तेजस राजधानी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। जैसे ही संदिग्ध वस्तु की जानकारी सामने आई, सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेन को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर रोक दिया गया। अचानक बढ़ी सुरक्षा और जांच के कारण स्टेशन पर यात्रियों में घबराहट देखी गई।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड को भी जांच में लगाया गया। एहतियात के तौर पर ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को नीचे उतारकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया और हर कोच की बारीकी से तलाशी ली गई।
फोन कॉल से मिली थी सूचना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेलवे कंट्रोल रूम को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर ट्रेन में संदिग्ध वस्तु होने की जानकारी दी थी। जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई, वह दिल्ली का बताया जा रहा है। पुलिस उस नंबर की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला वास्तविक है या फिर किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की।
सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सूचना की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। सिविल पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी, बम स्क्वॉड और रेलवे अधिकारी मिलकर संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। ट्रेन को करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक स्टेशन पर रोका गया है और हर संभावित पहलू की गहन जांच की जा रही है। पुलिस और रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक जांच पूरी तरह संतोषजनक नहीं हो जाती, तब तक ट्रेन को आगे रवाना नहीं किया जाएगा। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच प्रक्रिया जारी है।